पुलिस अधीक्षक जिला सिंगरौली मो. यूसुफ कुरैशी के द्वारा लंबित गंभीर अपराधो की दिन-प्रतिदिन समीक्षा कर प्रकरणो के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विवेचक एवं थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिये गये। साथ ही लम्बे समय से फरार आरोपियों की पता तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु ईनाम की उदघोषणा भी की गई।
अपराध को अंजाम देकर फरार चल रहे शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक यूसुफ कुरैशी द्वारा इनाम घोषित किया गया है। पुलिस द्वारा घोषित इनाम में महिला पटवारी खुशबू सिंह पति शिवम सिंह बघेल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश शर्मा,
उनकी पत्नी रीता शर्मा और शीतला प्रसाद तिवारी निवासी नेहरुनगर के ऊपर दो-दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इन आरोपियों की सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पुलिस द्वारा गुप्त रखा जाएगा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मोरवा मुहेर स्थित एक व्यक्ति के नाम की जमीन की फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर औने-पौने दामों में बेचा है।
जमीन की खरीद फरोख्त आरोपी सुरेश शर्मा और रीता शर्मा द्वारा की गई थी। इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मामले में शामिल भाजपा नेता उनकी पत्नी, महिला पटवारी और एक अन्य व्यक्ति अभी फरार चल रहे हैं।
सफ़ेद पोशधारी पुलिस को दे रहे चकमा
आरोपी सुरेश शर्मा और उसकी पत्नी सत्ता का दबाव बनाकर पुलिस को चकमा दे रहे हैं। वहीं महिला पटवारी खुशबू सिंह की सीधी जिले के गोपदवनास तहसील में पदस्थापना है लेकिन वह भी पुलिस को चकमा देकर फरारी काट रही है। चारों आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस इनके ठिकानों पर कई बार दबिश दे चुकी है,
लेकिन हर बार चारों आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो जाते हैं। इसीलिए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया है। बताया जा रहा है. कि आरोपी भाजपा नेता शहर में ही रह रहा है. लेकिन पुलिस उसका पता नहीं लगा पा रही है।
दुष्कर्म व अपहरण करने वाले पर इनाम घोषित
धोखाधड़ी करने वाले चारों आरोपियों के अलावा दृष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी चंद्रवाली गोस्वामी निवासी कचनी की गिरफ्तारी के लिए दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चंद्रवाली ने फरवरी माह में बंधा निवासी एक किशोरी को प्रेमजाल में फंसाने के बाद उससे दुष्कर्म कर फरार हो गया। वहीं विध्यनगर सैलो बस्ती में रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दस हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। युवती की सूचना देने वाले को इनाम दिया जायेगा।
कोरेक्स तस्कर पर इनाम घोषित
गढ़वा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक फरार कोरेक्स तस्कर के खिलाफ भी पुलिस द्वारा इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने बताया कि कोरेस्क तस्कर प्रकाश द्विवेदी पिता रामसुभग द्विवेदी निवासी पराई थाना चितरंगी का रहने वाला है, जिसके खिलाफ गढ़वा थाने में प्रतिबंधित कफ सिरप कोरेक्स की तस्करी का मामला दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। वहीं मोरवा थाने में दर्ज एक एक्सीडेंट के मामले में शामिल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अक्षय कुमार रजक पिता केशराम रजक उम्र 26 साल निवासी सिंगाही को 17 दिसंबर को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया था। आरोपी वाहन चालक के बारे में आज तक कोई सटीक सूचना नहीं मिली, लिहाजा पुलिस ने इनाम घोषित किया है। अज्ञात वाहन चालक के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम दिया जाएगा।
अज्ञात वाहन चालक पर इनाम घोषित
थाना मोरवा में दिनांक 17.12.2022 को फरियादी विजय प्रसाद रजक पिता विष्णू प्रसाद रजक नें रिपोर्ट किया कि समय 05ः30 बजे उसके साले अक्षय कुमार रजक पिता कंशराम रजक उम्र 26 वर्ष निवासी सिगाही थाना मोरवा को रूद्रा पब्लिक स्कूल के आगे मेन रोड पुलिस के पास अज्ञात वाहन चालक के द्वारा एक्सीडेंट कर दिया है,
चोंट आने के कारण उसकी मृत्यु हो गई है। विवेचना के दौरान अज्ञात वाहन एवं आरोपी की हर संभव प्रयास के बावजूद गिरफ्तारी नही हो पाई। उक्त प्रकरण को गंभीरतापूर्वक लेते हुये पुलिस अधीक्षक, जिला सिंगरौली मो. यूसुफ कुरैशी के द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में सटीक सूचना देने वाले को दो हजार रूपये नगद पुरस्कार की घोषणा की गई।