विधायक ने कहा- हमें पूर्ण निष्ठा, समर्पण और संकल्प के भाव से पार्टी के लिए समर्पित होना है .
सिंगरौली : भारतीय जनता पार्टी का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को नगर के अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में मुख्य वक्ता एवं विधायक राम लल्लू वैश्य के आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ज़िले के, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, मुख्य अतिथि रूप में शामिल हुए।सभी 6 मंडलों के अध्यक्ष सहित अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। भाजपा के विधानसभा संयोजक गिरजा पान्डेय ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्र गीत गायन के साथ हुई।
मुख्य वक्ता विधायक श्री वैश्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे विश्व में हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर्वमान्य नेता के रूप में जाने जाने लगे हैं। पूरी दुनिया में भारत की ताकत का डंका बज रहा है। यह सब कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही संभव हुआ है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस की सरकार ने ऐसी परिकल्पना नहीं की होगी जो हमारी भाजपा सरकार ने विकास कर दिखाया है। भाजपा वह दल है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री बन सकता है। हमें पूर्ण निष्ठा समर्पण और संकल्प के भाव से पार्टी के लिए समर्पित होना।
इस दौरान भाजपा ज़िलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने कहा कि एकजुटता के साथ काम करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की राज्य सरकार द्वारा आम जनता के हित में किए गए कार्यों को जनता को बताने की आवश्यकता है। किसी भी संगठन को उसके कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत से ही सफलता मिलती है।
प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को मेहनत करते हुए भाजपा को मजबूत बनाना चाहिए। हमे आज यह संकल्प लेकर जाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जन्म से अंतिम यात्रा तक जन हितेषी योजना प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में चल रही है।मोदी सरकार ने चाहे वह धारा 370 हो या राम मंदिर निर्माण मामला ऐसे कई बड़े निर्णय भाजपा सरकार में ही हुए है।