Close

अभिमन्यू अभियान युवाओं को बेहतर समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को दिशा प्रदान करने का एक प्रयास है: एडिशनल एसपी

SINGRAULI NEWS :  विशेष जागरूकता अभियान अभिमन्यु के तहत पुलिस अधीक्षक मो. यूसुफ कुरैशी के निर्देशन में लगातार जन जागरूकता अभियान के आयोजन किये जा रहे है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के पुरुषों/बालको को महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक व महिला/बालिकाओं के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करना है।

इसी क्रम में शनिवार को दोपहर 2:00 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा ने सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलौजी जाकर विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों को संबोधित करते हुए बताया विशेष जागरूकता अभियान का नाम अभिमन्यु इसलिए है क्योंकि अभिमन्यु ने मां के गर्भ में रहकर माता-पिता से चक्रव्यूह तोड़ने का ज्ञान प्राप्त किया था। वर्तमान समय का अभिमन्यु जानता है कि नशा करना, दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या, घरेलू हिंसा, सोशल मीडिया पर फैली अश्लीलता जैसी बुराइयां समाज में महिला सम्मान व सुरक्षा के विरुद्ध हैं। वह यह भी जानता है कि शिक्षित एवं संस्कारवान महिला/पुरुष किसी भी समाज के स्वस्थ सुरक्षित वातावरण एवं उन्नति का परिचायक है। यह अभियान युवाओं को बेहतर समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को दिशा प्रदान करने का एक प्रयास है।

पुरानी परंपरा और सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर जो चक्रव्यूह रचा गया है, उसे तोड़ना होगा महिलाओं के प्रति जाने अनजाने में हो रहे भेदभाव को रोकना होगा और समाज को इस बात से आत्मसात कराने के लिए पुरुषों को बाल्यकाल से ही समानता के भाव के साथ संस्कारित एवं संवेदनशील बनाना होगा।

महिला थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने उपस्थित छात्र समूह को बताया कि अभिमन्यु अभियान का प्रारंभ प्रदेश में बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा के साथ सम्मान का वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

आगे महिला थाना प्रभारी द्वारा विशेष जागरूकता के उद्देश्यों के संबंध में विस्तार पूर्वक अवगत कराया और बताया कि किस प्रकार बाल्यकाल से ही पुरुषों में लैंगिक समानता एवं एक दूसरे के प्रति सम्मान की भावना जागृत की जानी चाहिए। विभिन्न अपराधों की जानकारी दी जाकर उनके दुष्परिणाम से अवगत कराया गया।

जन जागरूकता अभियान के दौरान सरस्वती विद्यालय की छात्राओं द्वारा अभिमन्यु अभियान से संबंधित एक नुक्कड़ नाटक का बहुत ही सुंदर तरीके से प्रस्तुतीकरण दिया गया। विद्यालय की बहनों द्वारा गीत के माध्यम से बालिकाओं के आगे आने संबंधित प्रस्तुतीकरण दी गई।

कार्यक्रम उपरांत शपथ कराई गई। हम शपथ लेते हैं कि हम कहीं भी कभी भी लैंगिक भेदभाव नहीं करेंगे। हम पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यवसायिक दायित्वों के निर्वहन में महिलाओं के साथ बराबरी का योगदान देंगे। हम समाज में ऐसा वातावरण निर्मित करेंगे जिससे नारी को उनकी योग्यता के अनुरूप उन्नति के समान अवसर उपलब्ध हो सके। इसकी शुरुआत हम आज अभी अपने घर से करते हैं। इसके अतिरिक्त जिले के समस्त थाना / चौकी क्षेत्रो में अलग-अलग स्थानों पर जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। अभियान में लगभग 6000 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं जनसमूह को संबोधित कर व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया गया है। इसके अतिरिक्त लगभग 100 प्रश्नावली को हल कराया गया है।

मारुति वैन से लगातार हो रहा प्रचार प्रसार: मारुति वैन के माध्यम से लगातार भ्रमण कराकर टीवी के माध्यम से दिखाए एवं व्यापक तरीके से प्रचार प्रसार किया गया। इस अभियान का शुभंकर 16 से 25 वर्षीय एक शिक्षित एवं संस्कारवान युवक है जो सामाजिक बुराइयों के चक्रव्यू जैसे अशिक्षा, नशा, अश्लीलता, दहेज, भ्रूण हत्या, असंवेदनशीलता, रूढ़िवादिता एवं पूर्वाग्रह को तोड़कर लैंगिक समानता के आधार पर समाज में महिलाओं को सह-अस्तित्व प्रदान करता है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली

https://udnews.net/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Leave a comment
scroll to top