कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा के चौथ दिन सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र में विधायक कमलेश्वर पटेल ने कहा कि कमीशन वाली भाजपा सरकार अब सिर्फ दो माह की मेहमान है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में पिछले 18 वर्षों से जन विरोधी नीतियों को बढ़ावा दिया है। बढ़ते भ्रष्टाचार व अत्याचार और प्रदेश के नौजवानों को ठगने का काम किया है। इस दौरान पूर्व मंत्री ने वादा किया कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद सभी के कल्याण की योजनाएं लागू होंगी।
बीजेपी पर जमकर प्रहार
‘मध्य प्रदेश में भाजपा के राज में पिछले 18 सालों से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। लेकिन अब प्रदेश की जनता यह खिलवाड़ नहीं सहेगी। अब 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार बस दो माह की मेहमान है। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक कर रही है। आने वाले चुनावों में जनता इन सारी बातों का जवाब देगी’ ये बात कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने जन आक्रोश यात्रा के जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। गुरुवार देर रात मोरवा पहुंचे कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल का मोरवा ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी (लाला तिवारी) के नेतृत्व में शुक्ला मोड़ से बाइक रैली निकालकर स्वागत किया गया।
इसके बाद बस स्टैंड के समीप उन्होंने जनसभा को संबोधित कर भाजपा पर निशाना साधा। इस दौरान वार्ड नो पार्सल व जिला चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष शेखर सिंह, कांग्रेस जिला परिवहन प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेश सिंह, मनोज कुलश्रेष्ठ, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, स्माइल खान समेत सैकड़ो कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। शुक्रवार सुबह उन्होने मोरवा के शिव मंदिर में भगवान के दर्शन पूजन अर्चन के बाद अपनी यात्रा की आगे बढ़ाई। ये यात्रा मोरवा, जयंत, शासन, नवानगर, बैढन चौराहा, शिव पहरी होती हुई खुटार होकर निगरी के लिए रवाना हो गई।
भाजपा सरकार का अंत तय
इस दौरान कमलेश्नर पटेल ने अपनी जनसभाओं में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। ‘जन आक्रोश रैली’ में उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार और किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री मौन हैं। इन 18 सालों में मप्र को बेरोजगारी और नफरत के सिवा कुछ नहीं दिया। इससे प्रदेश की जनता नाराज है व जन-जन में आक्रोश है। उन्होने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पिछले 18 वर्ष के कुप्रबंधन एवं कुशासन से नौजवान, महिलाएं, किसान एवं आमजन परेशान और बेहाल हैं।
नर्सिंग घोटाला, पटवारी भर्ती परीक्षा घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला व व्यापम घोटाले जैसे षड्यंत्र करके ईमानदार एवं सच्चे नौजवान का हक छीनकर उसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया है। इससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय किया है। विधायक ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मध्य प्रदेश में शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली की जाएगी।
कांग्रेस के 11 वचन दोहराए
विधायक ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष श्री कमलनाथ ने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ, महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 100 यूनिट बिजली माफ 200 यूनिट का बिल हाफ, 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का लाभ, जातिगत जनगणना का लाभ, सिंचाई के पुराने बिजली बिल माफ, 12 घंटे सुनिश्चित सिंचाई बिजली का रास्ता साफ, किसान आंदोलन के मुकदमे माफ, किसानों को 5 हाॅर्स पॉवर बिजली बिल माफ करने जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं कांग्रेस सरकार बनने के बाद लागू की जाएगी..यह वचन है।
जन आक्रोश यात्रा में कमलेश्वर पटेल ने प्रमुख रूप से जनता को भाजपा के कुशासन एवं कुप्रबंधन को समाप्त करने कर कांग्रेस सरकार की स्थापना के लिए संकल्प दिलाया।