पत्नी का चौथ का व्रत उसके पति की मृत्यु का कारण बन गया। पति अपनी पत्नी के कहने पर चाँद निकला है या नहीं यह देखने छत पर गया और अँधेरे में सीढ़ियों से गिर गया। अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर पिलकिछा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
यह दुखद घटना कृष्णापुर गांव में बुधवार की रात घटी. गांव के विनोद कुमार दुबे की पत्नी ने करवा चौथ का व्रत रखा था। विनोद कुमार दुबे सुबह से ही पूजा के लिए फूल माला व अन्य सामान की व्यवस्था में लगे हुए हैं. शाम को करवा देवी की पूजा के बाद पत्नी रिंकी दुबे ने कहा कि छत पर जाकर देखो चांद निकला है या नहीं। विनोद छत से लौट रहा था तभी सीढ़ियों पर उसका पैर फिसल गया और वह आंगन में गिर गया।
सिर में गंभीर चोट लगने से पति को बेहोश होता देख रिंकी दुबे ने शोर मचा दिया। परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचे। डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। रोते-बिलखते परिजन शव लेकर घर आये।
अखंड सौभाग्य के पावन पर्व पर मांग न होने से रिंकी बार-बार रो रही है। पुत्र के दुःख में माता मैना देवी की हालत पागलों जैसी हो गई। पुत्र राज व शिवा के विलाप से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है.