इलाज के दौरान हुयी बाइक चालक की मौत, एक युवक घायल
सिंगरौली~: सरई थाना क्षेत्र के बरका सरई मुख्य मार्ग पर गुरूवार रात एक युवक को बचाने के चक्कर में बाइक सवार अनियंत्रित हो गया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में बाइक सवार व एक अन्य युवक को जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
हासिल जानकारी के अनुसार अभिमन्यू सिंह पिता सूर्यबली सिंह पटवारी निवासी बरका बाइक से जा रहा था जैसे ही वह बरका सरई मुख्य मार्ग के डब्बु किराना स्टोर के पास पहुंचा पैदल चल रहे कोनी निवासी कीमती लाल जायसवाल को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गयी जिसमें पैदल चल रहे कीमती लाल जायसवाल व अभिमन्यू सिंह को काफी चोट आयी। आस-पास के लागों द्वारा घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गा जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बाइक चालक अभिमन्यू सिंह की मौत हो गयी। बताया जाता है कि मृतक माता पिता का इकलौता पुत्र था। अभिमन्यू सिंह के असामयिक निधन से घर में कोहराम मचा हुआ है। सरई पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर अग्रिम कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।