कंपनी प्रबंधन ने मांगा एक महीने का समय, आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना
सिंगरौली~: एनसीएल निगाही में ओबी हटाने का कार्य कर रही कंडोई कंपनी की कारगुजारियों को लेकर एनसीएल निगाही परियेाजना में ओबी हटाने का कार्य पूर्व में कर रही डीबीएल के कर्मचारियों ने शुक्रवार को कंपनी गेट पर कंपनी का काम बंद कराकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान वर्करों का आरोप था कि डीबीएल कंपनी में पूर्व से कार्य रहे कर्मचारियों के नयी ओबी कंपनी कंंडोई में नियोजित करने का आदेश एसडीएम महोदय द्वारा जारी किया गया था। कंडोई कंपनी के आला अधिकारियों ने भी इसपर सहमति जतायी थी इसके बावजूद महीनों गुजर जाने के बाद भी कंडोई कंपनी में डीबीएल के कर्मचारियों की भर्ती नहीं की गयी। हालांकि कंपनी का कहना है कि धीरे धीरे डीबीएल के कर्मचारियों को कंडोई कंपनी में रखा जायेगा। इस बात से नाराज आज लगभग एक हजार की संख्य में डीबीएल के कर्मचारियों ने कंपनी गेट पर पहुंचकर दिन भर धरना प्रदर्शन किया तथा कंपनी के विरोध में नारेबाजी की।
डीबीएल कंपनी में कार्य कर चुके कर्मी अविनाश पाण्डेय ने बताया कि डीबीएल कंपनी के कर्मचारियों के प्रतिनिधि व कंडोई कंपनी के प्रबंधन के बीच शुक्रवार शाम वार्ता हुयी जिसमें कंपनी प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि एक महीने के अंदर डीबीएल के कर्मचारियों को कंडोई कंपनी में रख लिया जायेगा। श्री पाण्डेय ने बताया कि कंपनी के आश्वासन पर डीबीएल के कर्मचारियों द्वारा धरना प्रदर्शन फिलहाल समाप्त कर दिया गया है। यदि कंपनी एक महीने के अंदर डीबीएल के कर्मचारियों को नहीं रखती है तो सभी कर्मचारी एक साथ मिलकर बड़ा आन्दोलन करने के लिए बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी कंडोई कंपनी प्रबंधन की होगी।